हिंदू धर्म में धनतरेस को शुभ माना जाता है और इसी के बाद दिवाली की शुरुआत होती है। इस मौके पर मां लक्ष्मी के साथ कुबेर महाराज और धनवंतरी की पूजा भी होती है। ऐसा माना जाता है कि धनतेरस पर घर का सामान आदि खरीदना शुभ होता है, इसलिए लोग सोना-चांदी से लेकर, घर, ऑटोमोबाइल्स आदि खरीदते हैं।
कार्तिक मास की कृष्ण पक्ष की त्रयोदशी को धनतेरस का पर्व मनाया जाता है। धार्मिक मान्यता है कि इस दि नए बर्तन खरीदना अच्छा होता है। दिवाली के 5 दिवसीय त्योहार की शुरुआत इसी पर्व को मनाकर की जाती है। शास्त्रों की मानें तो समुद्र मंथन के दौरान कार्तिक कृष्ण त्रयोदशी के दिन भगवान धनवंतरि अपने हाथों में अमृत का कलश लेकर अवतरित हुए थे। भगवान धनवंतरि भगवान विष्णु के ही अंशावतार हैं जो चिकित्सा विज्ञान के विस्तार के लिए इस अवतार में आए थे। इसी उपलक्ष्य में धनतेरस का त्योहार मनाया जाता है। कई घरों में धनतेरस के दिन बर्तनों की पूजा भी होती है। इस दिन चांदी, सोना, पीतल आदि के बर्तनों को खरीदा जाता है और लोग इसके साथ अन्य कई चीजों की खरीदारी भी करते हैं। आप भी धनतेरस के दिन अपने घर को छोटी-छोटी खुशियों से भर सकते हैं।
बर्तनों की खरीदारी
धनतेरस के दिन बर्तनों की खरीदारी की जाती है। इस दिन किचन में रखे नए बर्तनों को बदलकर नए तांबे, पीतल, चांदी आदि के बर्तनों का इस्तेमाल करते हैं। ऐसी मान्यता है कि पीतल के बर्तन मां लक्ष्मी और बृहस्पति का प्रतीक होते हैं। इस दिन जो लोग सोना नहीं खरीद पाते हैं, उन्हें इस दिन पीतल के बर्तन जरूर खरीदने चाहिए। एक बात का ध्यान रखें कि इस दिन एल्यीमिनियिम का सामान बिल्कुल नहीं खरीदना चाहिए। इस पर राहु का प्रभाव अधिक होता है।
सोना-चांदी की खरीदारी
धनतेरस के दिन कई सारे लोग सोना और चांदी के बर्तव और जेवरों की खरीदारी भी करते हैं। ऐसा इसलिए क्योंकि लोककथाओं के अनुसार, एक राजा हिम की बहू के पति के लिए भविष्यवाणी की गई थी कि वो शादी के 4 दिन बाद ही मर जाएगा। शादी के चौथे दिन उसने अपने घर में दीये जलाएं और घर के द्वार में चांदी और सोने के सिक्के और आभूषण रख दिए। जब यमराज उसके पति को लेने आए तो द्वार पर ही इतने प्रकाश से वह अंधे हो गए और इस तरह हिम के पुत्र की जान बच गई। इसी कारण से सोना और चांदी को इस दिन घर लाया जाता है।
झाड़ू खरीदें
आपके घर में झाड़ू होगा, लेकिन इस दिन आप घर में एक नया झाड़ू लाकर जरूर रखें। ऐसा माना जाता है कि झाड़ू घर पर रखने से गरीबी दूर होती है और घर में स्वच्छता और सफाई रहती है। जब घर में सफाई होगी तो इस दिन मां लक्ष्मी घर में आकर आपको आशीर्वाद देती है। इसका सांकेतिक महत्व यह है कि इसे खरीदकर सालभर घर और जीवन को साफ-सुथरा रखा जाएगा।
गोमती चक्र लाएं
गोमती चक्र मां लक्ष्मी को बहुत प्रिय होता है। यह समुद्री घोंघे की तरह होता है। यह मुख्य रूप से गोमती नदी में ही पाया भी जाता है। ऐसी मान्यता है कि यदि इसे लाकर घर के मंदिर में रखा जाए तो आपको कभी कोई आर्थिक कमी नहीं होगी। यह धन-दौलत, सुख, सेहत, सफलता और समृद्धि का प्रतीक होता है और घर में छोटे बच्चों की सुरक्षा करता है। इसलिए धनतेरस के दिन गोमती चक्र को भी घर पर जरूर रखना चाहिए।
होम अप्लाइंसेस खरीदें
धनतेरस के मौके पर ऐसी बहुत चीजें हैं जो खरीदी जाती हैं। इस दिन को शुभ माना जाता है, इसलिए लोग इस दिन होम अप्लाइंसेस भी खरीदते हैं। त्योहार के मौके पर बाजार में होम अप्लाइंसेस पर भारी छूट दी जाती है। अगर आप भी अपने घर के लिए इस धनतेरस पर कुछ खरीदना चाहें तो जरूर खरीद लाएं। टीवी, वॉशिंग मशीन, एयर कंडीशनर, होम थियेटर, फ्रिज आदि चीजों को भी इस दिन खरीदना अच्छा माना जाता है।
घर और संपत्ति खरीदें
संपत्ति में निवेश करना खासतौर से इस दिन किस्मत के दरवाजों को खोलता है। धनतेरस पर घर, जमीन कोई नहीं वस्तु या संपत्ति खरीदना अच्छा मानाा जाता है। आप किसी भी नए काम की शुरुआत इस दिन कर सकते हैं। पुराने उलझे काम भी इस दिन पूर्ण होते हैं। इतना ही नहीं, इस शुभ मौके पर कई बड़े बिल्डर्स अपने नए प्रोजेक्ट्स का उद्घाटन कर नए ऑफर और स्कीम पेश करते हैं। ऐसे में अगर आपने कहीं अच्छी जगह निवेश करना है तो जमीना और घर पर निवेश करें।